Welcome to Bihar Industries Association!

    0612 222 6642   Industry House, Sinha Library Rd, Patna, Bihar 800001

81st Annual Function of BIA

बीआईए का 81वां वार्षिक समारोह बीआईए सभागार में आयोजित किया गया।
मुख्य अतिथि माननीय उद्योग मंत्री श्री नीतीश मिश्रा, विशिष्ट अतिथि उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री मिहिर कुमार सिंह व पंजाब नेशनल बैंक के प्रबंध निदेशक-सह-सीईओ श्री अशोक चंद्रा सहित बीआईए के अन्य अधिकारियों व सदस्यों ने दीप प्रज्ज्वलन कर समारोह का उद्घाटन किया।


अध्यक्ष श्री के.पी.एस. केशरी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। अपने स्वागत संबोधन में उन्होंने कहा कि बिहार को तेजी से औद्योगिक प्रगति की दिशा में आगे बढ़ना होगा। भारत को यदि विकसित राष्ट्र बनना है, तो बिहार को भी विकसित होना होगा।
अपर मुख्य सचिव श्री मिहिर कुमार सिंह ने उद्योग विभाग की भावी योजनाओं की जानकारी दी। पंजाब नेशनल बैंक के एमडी श्री अशोक चंद्रा ने औद्योगिक विकास में बैंकिंग क्षेत्र की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पंजाब नेशनल बैंक राज्य के उद्यमियों को हरसंभव वित्तीय सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।


माननीय उद्योग मंत्री श्री नीतीश मिश्र ने इस अवसर पर कहा कि सरकार राज्य को औद्योगिक मानचित्र पर नयी पहचान दिलाने के लिए ठोस और व्यापक कदम उठा रही है। राज्य सरकार का लक्ष्य है कि बिहार को आने वाले वर्षों में पूर्वी भारत का औद्योगिक हब बनाया जाये। उन्होंने बताया कि हाल ही में घोषित नयी औद्योगिक निवेष प्रोत्साहन नीति के तहत उद्यमियों को आकर्षित करने के लिए अनेक प्रावधान किये गये हैं। इनमें भू-आवंटन की प्रक्रिया को सरल बनाना, सिंगल विंडो क्लियरेंस, टैक्स में रियायत, बिजली व आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता जैसे उपाय शामिल हैं। खाद्य प्रसंस्करण, वस्त्र उद्योग, नवीकरणीय ऊर्जा, आइटी व स्टार्टअप इकोसिस्टम जैसे क्षेत्रों पर विशेष फोकस किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में सड़क, बिजली और जल आपूर्त्ति के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है, जिससे निवेशकों का भरोसा बढ़ा है। उनहोंने यह भी उल्लेख किया कि राज्य मेंं ’मेक इन बिहार’ की आवधारणा को बढ़ावा दिया जा रहा है ताकि स्थानीय स्तर पर उत्पादन और रोजगार को बढ़ाया जा सके।
हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी राज्य के औद्योगिक विकास में उल्लेखनीय योगदान देने वाले बीआईए के उद्यमियों को वर्ष 2024-25 के लिए पुरस्कृत कर सम्मानित किया।


कार्यक्रम का संचालन श्री मनीष कुमार तिवारी ने किया। महासचिव श्री अमरनाथ जयसवाल के धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
कार्यक्रम में बीआईए के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के अलावे अन्य विभिन्न संगठनों के पदाधिकारीगण सहित राज्य व केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों, विभिन्न बैंकों एवं वित्तीय संस्थानों के वरीय पदाधिकारीगण तथा प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के लोग उपस्थित थे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 81वां वार्षिक आम सभा में आगामी सत्र (2025-26) के लिए नये 6 पदाधिकारियों व कार्यकारिणी परिषद का चुनाव संपन्न हुआ।
अध्यक्ष श्री केपीएस केशरी ने उपस्थित सदस्यों का स्वागत करते हुए बैठक की कार्यवाही आरम्भ की। महासचिव श्री अमरनाथ जयसवाल ने बीआईए के वर्ष 2024-25 के वार्षिक प्रतिवेदन व कोषाध्यक्ष सी.ए. अरविन्द कुमार ने वर्ष 2024-25 का ऑडिटेड बैलेंश शीट व आय-व्यय का व्यौरा प्रस्तुत किया।
अध्यक्ष पद पर श्री राम लाल खेतान निर्विरोध निर्वाचित हुए। मतदान के आधार पर उपाध्यक्ष (सामान्य श्रेणी) पद के लिए श्री देव प्रकाश सिंह तथा श्री पुरूषोत्तम कुमार अग्रवाल निर्वाचित घोषित किए गये। उपाध्यक्ष (प्रमंडल श्रेणी) के पद पर कोई उम्मीदवार नहीं रहने के कारण यह पद खाली रह गया जिसे बाद में मनोनयन के आधार पर भरा जायेगा।


श्री अमरनाथ जयसवाल महासचिव तथा सी.ए. अरविन्द कुमार कोषाध्यक्ष पद के लिए निर्विरोध निर्वाचित किए गये। साथ हीं कार्यकारिणी परिषद में सामान्य श्रेणी के सभी 21 पदों पर तथा प्रमंडलों से आरक्षित एक-एक पद के लिए 4 प्रमंडलों से सभी प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए।
आम सभा में पर्यटन पर संकल्प श्री संजीव कुमार सिन्हा, बियाडा पर संकल्प श्री जी. पी. सिंह, उद्योग पर संकल्प श्री संजय गोयनका, टैक्सेशन पर संकल्प श्री आलोक पोद्दार ने प्रस्तावित किया। समय के अभाव के कारण उर्जा, आधरभूत संरचना पर संकल्प प्रस्तावित नहीं किया जा सका।